ग्राम पंचायत कैलवारा खुर्द
कैलवारा खुर्द। ग्राम पंचायत कैलवारा खुर्द में सांसद निधि से स्वीकृत भिलाई मोड़ से सबरी माता मंदिर तक की सड़क का निर्माण कार्य पिछले कई सालों से अधर में लटका हुआ है। लगभग 2 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग (PWD) और ठेकेदार की लापरवाही के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क का एक हिस्सा (झूरी टोला में) तो जैसे-तैसे पूरा कर दिया गया है, लेकिन भिलाई मोड़ कैलवारा से झूरी तक का मुख्य रास्ता सालों से बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ है। सड़क पर गिट्टी बिछाकर छोड़ दी गई है, जो अब हादसों का सबब बन रही है।
गिट्टी पर स्लिप हो रहे वाहन, रोजाना हो रहे हादसे
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क पर महीनों से नुकीली और खुली गिट्टी फैली हुई है। इस पर से गुजरने वाले दोपहिया वाहन आए दिन स्लिप हो रहे हैं और लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। इसके अलावा वाहनों के टायर पंक्चर होना आम बात हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात के समय यह सड़क किसी काल से कम नहीं लगती। अगर जल्द ही डामरीकरण या पक्की सड़क का काम शुरू नहीं किया गया, तो कभी भी कोई बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है।
टेंडर निरस्त हुआ फिर भी ठेकेदार ने हासिल कर लिया काम
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस सड़क का टेंडर मोंटी जैन नाम के ठेकेदार को मिला था। काम में अत्यधिक देरी और लापरवाही के चलते विभाग द्वारा 17 अक्टूबर 2025 को इनका टेंडर निरस्त (Cancel) कर दिया गया था। लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि टेंडर रद्द होने के बाद ठेकेदार ने कथित रूप से सेटिंग और रसूख के दम पर इस टेंडर को फिर से अपने नाम करवा लिया। इसके बावजूद, टेंडर दोबारा मिलने के इतने समय बीत जाने के बाद भी धरातल पर काम रत्ती भर आगे नहीं बढ़ा है।
आखिर PWD विभाग क्यों साधे है चुप्पी?
सांसद निधि के पैसों से बनने वाली इस सड़क की दुर्दशा पर लोक निर्माण विभाग (PWD) का रवैया भी सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों की मांग:
ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन और जन-प्रतिनिधियों से मांग की है कि अधूरी पड़ी सड़क का निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराया जाए और ठेकेदार व जिम्मेदार PWD अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि जनता को इस मुसीबत से जल्द राहत मिल सके।

Comments
Post a Comment