ब्याज सहित पैसा लौटाने पर भी वापस नहीं कर रहे गिरवी रखे गहने, पीड़ित महिला पहुंची SP दफ्तर
कटनी (ब्यूरो)।
जिले के रीठी तहसील अंतर्गत ग्राम बिरूहली (पोस्ट निटररा) की निवासी एक गरीब महिला ने स्थानीय दो व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) कटनी के समक्ष न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि बेटे के इलाज के लिए गिरवी रखे गए सोने-चांदी के जेवर, ब्याज सहित पूरी राशि लौटाने के लिए तैयार होने के बावजूद अनावेदक वापस नहीं कर रहे हैं और पिछले एक साल से उसे लगातार गुमराह कर परेशान कर रहे हैं।
सत्यता की जांच
जब जनता की आवाज न्यूज चैनल ने ग्राउंड जीरो पर इसकी जांच की तो यह बात सही निकली की अमर पटेल ने सुनीता भूमिया के जेवर गिरवी रखे थे लेकिन अब अमर पटेल देने से मना कर रहा है जानकारी के अनुसार अमर पटेल नामक व्यक्ति के पास गिरवी रखने का साहूकारी लायसेंस भी नही है फिर भी वह व्याज का कार्य करता है
इलाज के लिए गिरवी रखे थे गहने
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता सुनीता बाई भूमिया (पति सुरेश भूमिया) ने एसपी कार्यालय में सौंपे गए अपने आवेदन में बताया कि लगभग ढाई साल पहले अपने बेटे के इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत थी। इस दौरान उसने ग्राम निटरा निवासी अमर पटेल के पास आधा किलो (500 ग्राम) चांदी का डोरा एवं 250 ग्राम वजनी चांदी की एक जोड़ी पायल ₹25,000 में गिरवी रखी थी। इसके अलावा, दूसरे आरोपी भेसा बर्मन (निवासी- ग्राम निटरा) के पास 250 ग्राम चांदी की पायल ₹4,000 में गिरवी रखी थी।
3% मासिक ब्याज तय हुआ था, गवाह भी मौजूद
पीड़िता का कहना है कि जेवर गिरवी रखते समय अनावेदकों ने 3 प्रतिशत मासिक ब्याज पर पैसा वापस करने पर गिरवी रखे गहने लौटाने का सौदा किया था। इस लेनदेन के दौरान गांव के ही रमेश साहू और लछू चौरसिया भी बतौर गवाह मौजूद थे।
1 साल से काट रही चक्कर, SP से की सख्त कार्रवाई की मांग
सुनीता बाई का आरोप है कि वह पिछले 1 साल से अपना सामान वापस लेने के लिए अनावेदकों के चक्कर लगा रही है। वह पूरी राशि ब्याज सहित चुकाने को तैयार है, लेकिन इसके बावजूद दोनों अनावेदक उसके गहने लौटाने से साफ़ मना कर रहे हैं और टालमटोल कर रहे हैं।
परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से निवेदन किया है कि मामले को संज्ञान में लेते हुए उसके गिरवी रखे गहने वापस करवाए जाएं और ऐसा कृत्य करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी व कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
मामले का संक्षिप्त विवरण
- आवेदक: सुनीता बाई भूमिया (निवासी - बिरूहली, पोस्ट निटररा, तहसील रीठी, जिला कटनी, म.प्र.)
- अनावेदक: 1. अमर पटेल, 2. भेसा बर्मन (दोनों निवासी - ग्राम निटररा, तहसील रीठी, जिला कटनी)
-
विवादित वस्तुएँ:
- अमर पटेल के पास: 500 ग्राम चांदी का डोरा, 250 ग्राम चांदी की पायल (₹25,000 की एवज में)
- भेसा बर्मन के पास: 250 ग्राम चांदी की पायल (₹4,000 की एवज में)
- शर्त: 3% मासिक ब्याज दर पर वापसी।
- आवेदन की तारीख: 11/08/2026 (SP ऑफिस, कटनी)

Comments
Post a Comment