ग्राम बरबारू में पी.सी.सी. रोड का लोकार्पण

सतना से ब्यूरो चीफ शिवम त्रिपाठी की रिपोर्ट 

राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा — "रैगांव को मध्यप्रदेश की 'आदर्श विधानसभा' बनाना ही मेरा लक्ष्य"

सतना, 02 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश शासन की नगरीय विकास एवं आवास विभाग की राज्यमंत्री एवं रैगांव विधायक श्रीमती प्रतिमा बागरी ने रविवार को ग्राम पंचायत मोरा–दुर्गापुर के ग्राम बरबारू में नवनिर्मित पी.सी.सी. रोड का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सिंहपुर मंडल अध्यक्ष एवं समस्त मंडल पदाधिकारीगण, स्थानीय ग्राम पंचायतों के सरपंचगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने अपने कार्यकाल में रैगांव विधानसभा क्षेत्र में कराए गए प्रमुख विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्ष रैगांव के नवनिर्माण के वर्ष रहे हैं और सिंचाई, सड़क, शिक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्षेत्र ने कई महत्वपूर्ण मील के पत्थर पार किए हैं।

17 वर्षों बाद स्लीमनाबाद टनल पूर्ण — सतना जिले में सर्वाधिक लाभ रैगांव को

राज्यमंत्री ने बताया कि बरगी व्यपवर्तन परियोजना अंतर्गत 17 वर्षों के बाद स्लीमनाबाद (कटनी) टनल का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे सतना जिले की 1.25 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई का जल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि इस 1.25 लाख हेक्टेयर में से 52,600 हेक्टेयर भूमि अकेले रैगांव विधानसभा क्षेत्र की है, अर्थात् सतना जिले में इस परियोजना का सर्वाधिक लाभ रैगांव विधानसभा को ही प्राप्त हुआ है। यह क्षेत्र के किसानों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।

सड़क — 12 मार्ग पूर्ण, बजट 2026-27 में 178 किलोमीटर के नये प्रस्ताव

श्रीमती बागरी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के 12 मार्ग, कुल 77 किलोमीटर, लागत ₹53.88 करोड़ के पूर्ण हो चुके हैं। 13 मार्गों पर कार्य प्रगति पर है तथा 13 मार्ग निविदा एवं अनुबंध की प्रक्रिया में हैं। बजट 2026-27 हेतु 21 नवीन मार्ग, 178.60 किलोमीटर, ₹443.78 करोड़ प्रस्तावित किये गये हैं, जो क्षेत्र के इतिहास का सबसे बड़ा सड़क प्रस्ताव है। एम.पी.आर.डी.सी. के अंतर्गत 08 मार्ग ₹13.77 करोड़ तथा सुन्दरा–सिंहपुर–कोठी–जैतवारा–बिरसिंहपुर–सेमरिया राज्य राजमार्ग क्र. 13 (86.13 किलोमीटर) की डी.पी.आर. तैयार की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इसी क्षेत्र से होकर गुजरने वाला छीदा–शिवपुर–निपनिया–उजरौधा–सेमरी मार्ग (13 किलोमीटर, ₹13.93 करोड़) तथा रौड़ ग्राम पहुँच मार्ग (₹1.81 करोड़) पूर्ण हो चुके हैं, जबकि दुर्गापुर–कठमानू मार्ग (₹2.13 करोड़) स्वीकृति प्रक्रिया में है।

राज्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की 103 संपर्कविहीन पात्र बसाहटों को मुख्य मार्ग से जोड़ने हेतु 77 किलोमीटर मार्ग प्रस्तावित किये गये हैं, जिनमें ग्राम पंचायत दुर्गापुर की 04 तथा उसरार की 05 बसाहटें सम्मिलित हैं।

शिक्षा — 05 सांदीपनी विद्यालय, 60 विद्यालयों के शौचालयों की मरम्मत पूर्ण

क्षेत्र में 05 सांदीपनी विद्यालय — रैगांव, सिंहपुर, शिवराजपुर, कोठी एवं बगहा — स्वीकृत कराये गये हैं। रैगांव में ₹35.7 करोड़ की लागत से सी.एम. राइज सांदीपनी विद्यालय निर्माणाधीन है तथा सिंहपुर में ₹5 करोड़ की लागत से 50 बिस्तरीय छात्रावास स्वीकृत किया गया है। सोहावल में शासकीय कन्या हाईस्कूल एवं सेमरवारा में 03 प्रयोगशाला व 04 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण प्रगति पर है। राज्यमंत्री ने विशेष रूप से बताया कि विधानसभा क्षेत्र के 60 विद्यालयों के शौचालयों की मरम्मत का कार्य पूर्ण करा लिया गया है तथा क्षेत्र में 34 आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण स्वीकृत है।

स्वास्थ्य — ₹6.5 करोड़ से 10 नये स्वास्थ्य केंद्र

₹6.5 करोड़ की लागत से 10 नवीन सामुदायिक/उप स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है। रैगांव के 06 बिस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन (₹5.74 करोड़) प्रगति पर है, तथा कोठी एवं सिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन कार्य भी कराया जाना है। क्षेत्र के अस्पतालों को 06 डीप फ्रीजर उपलब्ध कराये गये हैं।

किसान, बिजली एवं रोज़गार

राज्यमंत्री ने कहा कि रैगांव के किसानों को खाद हेतु नागौद अथवा सतना मुख्यालय जाना पड़ता है, जिसके स्थायी निराकरण हेतु सिंहपुर में डबल लॉक प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यकाल के ढाई वर्षों में 78 स्थानों पर सोलर लाइट लगाई गई, 40 अग्नि सुरक्षा एवं जलापूर्ति हेतु मोटरयुक्त पानी के टैंकर प्रदाय किये गये तथा जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से 40 स्थानों पर नवीन ट्रांसफार्मर स्वीकृत कराये गये।

रोज़गार के संबंध में उन्होंने बताया कि शिवराजपुर में 178 हेक्टेयर भूमि पर 100 मेगावॉट का सोलर पार्क स्थापित किया जा रहा है तथा कोठी के नयागांव में ₹16 करोड़ 37 लाख की लागत से 20 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक नगर की स्थापना की जा रही है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोज़गार उपलब्ध होगा।

नगरीय विकास एवं धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार

नगर परिषद कोठी में ₹14.47 करोड़ के 13 कार्य स्वीकृत हैं, जिनमें स्टेडियम रोड, आर.सी.सी. नाली, वार्डों की सी.सी. सड़कें एवं दुकान निर्माण सहित 06 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के अंतर्गत श्री पटपरनाथ धाम (₹1.1 करोड़) एवं भरजुना देवी जी मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य प्रगति पर है, जबकि कोठी के डेहुटा मंदिर का जीर्णोद्धार पूर्ण हो चुका है।

स्थानीय ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्य

राज्यमंत्री ने बताया कि कार्यक्रम स्थल के निकटवर्ती ग्राम पंचायतों — दुर्गापुर–मोरा, उसरार, भाजीखेरा, रौड़, बंडी, मढ़ई, कल्पा, कुडिया, आमा, तेंदुनी मोटवा एवं निपनिया — में कुल ₹20.96 करोड़ के कार्य स्वीकृत/प्रस्तावित हैं। इनमें प्रमुख हैं :

दुर्गापुर–मोरा : 07 कार्य — पी.सी.सी./सी.सी. रोड, शाला बाउंड्रीवाल, पेवर ब्लॉक एवं शेड, नवीन ट्रांसफार्मर — ₹77.78 लाख

उसरार : तालाब सौंदर्यीकरण एवं विस्तारीकरण, पी.सी.सी. रोड, वन क्षेत्र में तालाब निर्माण — ₹50 लाख

भाजीखेरा : गहिरा नाला पर पुलिया, बरहा टोला में रपटा, शालाओं में अतिरिक्त कक्ष एवं बाउंड्रीवाल — ₹57 लाख

रौड़ : नारायणपुर में सामुदायिक भवन, हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्ष, गौ-संरक्षण केंद्र में शेड — ₹35.28 लाख

बंडी : शाला बाउंड्रीवाल एवं महदेवा रोड से तालाब तक ग्रेवल रोड — ₹27 लाख

मढ़ई : हाई स्कूल की बाउंड्रीवॉल एवं सामुदायिक भवन — ₹20 लाख

कल्पा एवं कुडिया : सामुदायिक भवन तथा कुड़ियान आश्रम सौंदर्यीकरण — ₹30 लाख

तेंदुनी मोटवा एवं आमा : ग्रेवल रोड एवं नवीन ट्रांसफार्मर — ₹12.38 लाख

मंत्री जी के उद्गार

"मेरे लिए मंत्री पद केवल एक प्रशासनिक दायित्व है, लेकिन रैगांव की 'बेटी' होना मेरा परम सौभाग्य है। मेरा निरंतर प्रयास रहा है कि भोपाल के वल्लभ भवन और रैगांव की चौपाल के बीच की दूरी मिटाई जा सके। आज तक जो भी उपलब्धियाँ हमने हासिल की हैं, वे मेरी नहीं, बल्कि उस हर एक कार्यकर्ता और नागरिक की हैं जिसने मुझ पर भरोसा जताया। मेरा लक्ष्य रैगांव को मध्यप्रदेश की एक 'आदर्श विधानसभा' बनाना है।"

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएँ भी मौके पर सुनी गईं। उल्लेखनीय है कि माननीय मंत्री जी के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रमों में सड़क, पेयजल, बिजली एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों के मौके पर ही त्वरित निराकरण हेतु समस्त संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।

Comments

Popular posts from this blog

मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल तपस्या परिहार कटनी की नई निगमायुक्त, शिशिर गेमावत का भी तबादला, शासन ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कई IAS अधिकारियों के तबादले

जनपद पंचायत कटनी में वर्षों से जमे रोजगार सहायक, तबादलों पर प्रशासन की चुप्पी

बड़ी खबर- कटनी जिला उद्योग विभाग मे फर्जीवाड़े की खुलने लगी परते