वॉटर कैनन और लाठियों के आगे झुके नहीं युवा: कटनी की सड़कों पर उतरा छात्रों का आक्रोश!
कटनी (मध्य प्रदेश): प्रदेश में पिछले 11 सालों से ठप्प पड़े छात्र संघ चुनावों की बहाली और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर कटनी में छात्रों का एक विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के बैनर तले आयोजित 'छात्र अधिकार पैदल मार्च' के दौरान कटनी की सड़कें छात्र शक्ति के नारों से गूंज उठीं।
मुसलाधार बारिश और पुलिस की बैरिकेडिंग को तोड़ा
प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे और जिला अध्यक्ष अजय खटीक के नेतृत्व में गणेश चौक पर भारी संख्या में छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता एकत्रित हुए। भारी बारिश के बावजूद छात्रों का उत्साह कम नहीं हुआ। जैसे ही पैदल मार्च कचहरी चौक की ओर बढ़ा, प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स और पुलिस बल ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की।
पुलिसिया कार्रवाई पर भी नहीं थमे कदम
शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन सौंपने जा रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का जमकर इस्तेमाल किया। प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे समेत कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। हालांकि, इस कार्रवाई के बावजूद छात्र पीछे हटने के बजाय मौके पर ही धरने पर बैठ गए। बाद में प्रशासन को मुचलके पर सभी को रिहा करना पड़ा।
यह हैं छात्रों की प्रमुख मांगें:
- प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रत्यक्ष मतदान प्रणाली द्वारा तत्काल छात्र संघ चुनाव कराए जाएं।
- कटनी में पीपीपी (PPP) मॉडल की जगह पूर्णतः शासकीय मेडिकल कॉलेज, शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज और शासकीय विधि (Law) कॉलेज खोले जाएं।
- लार्ड तिलक कॉलेज को ऑटोनॉमस कॉलेज का दर्जा दिया जाए।
नेताओं के तीखे बाण:
- आशुतोष चौकसे (प्रदेश अध्यक्ष): "छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को वॉटर कैनन और गिरफ्तारियों के दम पर दबाया नहीं जा सकता। यह सरकार का छात्र-विरोधी रवैया है।"
- दिव्यांशू मिश्रा 'अंशू' (प्रदेश सचिव, युवा कांग्रेस): "कटनी को मेडिकल कॉलेज का सपना दिखाकर PPP मॉडल पर धकेला जा रहा है, जो जनहित के खिलाफ है।"
- अजय खटीक (जिला अध्यक्ष): "जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होंगी, यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।"
इस उग्र प्रदर्शन और मार्च में युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल, सौरभ सिंह, बसंत सिंह, राजेश चौबे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।


Comments
Post a Comment