बालाजी नगर में झूलते तारों से मौत का साया: विद्युत मंडल के खिलाफ आंदोलन की तैयारी में जनता


नगर निगम में अटकी विद्युतीकरण की फाइल, कांग्रेस नेता अंशु मिश्रा ने दी एक सप्ताह के आंदोलन की चेतावनी।

कटनी। नगर निगम के वार्ड क्रमांक तीन अंतर्गत आने वाले बालाजी नगर के निवासी इन दिनों बेहद खौफजदा माहौल में जीने को मजबूर हैं। क्षेत्र में बिजली की हाई वोल्टेज तारें सड़कों पर बेहद नीचे तक झूल रही हैं, जो किसी भी वक्त किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे सकती हैं। हालत यह है कि आए दिन मवेशी इन तारों की चपेट में आकर असमय मौत के घाट उतर रहे हैं। वर्तमान में जारी बारिश के मौसम के कारण पूरे क्षेत्र में करंट फैलने और जन-माल की हानि का खतरा कई गुना बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, कई बार छोटे बच्चे भी इन झूलते तारों के कारण बड़ी दुर्घटना का शिकार होते-होते बचे हैं।

अधिकारियों की उदासीनता से आक्रोश

​क्षेत्रीय जनता ने अपनी इस गंभीर समस्या के निराकरण के लिए कई बार प्रयास किए और आला अधिकारियों के चक्कर काटे, लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात रहा। समस्या का कोई समाधान न होता देख आखिरकार क्षेत्रवासियों ने कांग्रेस नेता दिव्यांशु मिश्रा 'अंशु' को मौके पर बुलाया।

​यूवा कांग्रेस नेता दिव्यांशु मिश्रा ने लिया जायजा, अधिकारियों को दी चेतावनी

​जनता की पुकार पर कांग्रेस नेता अंशु मिश्रा ने तत्काल बालाजी नगर का दौरा किया और जमीनी हकीकत देखी। उन्होंने मौके से ही विद्युत मंडल के उच्च अधिकारियों से संपर्क साधा और जनहित में त्वरित रूप से विधिवत बिजली के पोल लगाकर तारों को व्यवस्थित करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने मामले की लिखित शिकायत नगर निगम और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से भी की है।

"नगर निगम में अटकी है फाइल"

बातचीत के दौरान विद्युत मंडल के अधिकारियों ने अपनी लाचारी जताते हुए बताया कि कटनी नगर निगम स्तर पर विद्युतीकरण की फाइल रुकी हुई है, जिसके कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है।


प्रशासन को एक हफ्ते का अल्टीमेटम

​अधिकारियों के इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये और विभागों के बीच आपसी खींचतान पर नाराजगी जताते हुए अंशु मिश्रा ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया है कि वे इस लड़ाई में उनके साथ हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और विद्युत मंडल को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि—

​"यदि एक सप्ताह के भीतर इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस और सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे क्षेत्रीय जनता को साथ लेकर विद्युत मंडल के खिलाफ उग्र और प्रभावी प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद यदि कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसकी संपूर्ण जवाबदेही जिला प्रशासन की होगी।"


​इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के पीड़ित नागरिक और स्थानीय युवा उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया।


Comments

Popular posts from this blog

मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल तपस्या परिहार कटनी की नई निगमायुक्त, शिशिर गेमावत का भी तबादला, शासन ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कई IAS अधिकारियों के तबादले

जनपद पंचायत कटनी में वर्षों से जमे रोजगार सहायक, तबादलों पर प्रशासन की चुप्पी

बड़ी खबर- कटनी जिला उद्योग विभाग मे फर्जीवाड़े की खुलने लगी परते