आखिर किसकी सरपरस्ती में जारी है लखन पटेल का पंचमुखी वेयरहाउस मे भृष्टाचार का तांडव
स्थान: बड़वारा / कटनी (म.प्र.)
दिनांक: 28 जुलाई 2026
मुख्य विषय: पंचमुखी वेयरहाउस बसाड़ी मूंग खरीदी केंद्र में चल रही मनमानी, तौल घोटाला एवं प्रशासनिक सांठगांठ
मुख्य सुर्खियां
- पंचमुखी वेयरहाउस बसाड़ी में विक्रेता लखन पटेल की चल रही मनमानी; आखिर क्यों मौन है प्रशासन?
- कागजों पर देवेन्द्र पटेल, पर कुर्सी पर कब्जा लखन का: भाकिंयु के औचक निरीक्षण में खुली धांधली की पोल!
- पिछले साल कार्रवाई के बाद भी बेखौफ! सवाल- कौन है इस दागी विक्रेता का गॉडफादर?
बड़वारा/कटनी।
तहसील बड़वारा अंतर्गत पंचमुखी वेयरहाउस बसाड़ी मूंग खरीदी केंद्र में भ्रष्टाचार, मनमानी और किसानों के शोषण का एक हैरान करने वाला मामला उजागर हुआ है। 27 जुलाई को भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) कटनी के पदाधिकारियों द्वारा किए गए औचक निरीक्षण ने केंद्र में चल रहे फर्जीवाड़े की पूरी कलाई खोलकर रख दी है।
1. कागजों में कोई और, तौल पर दागी का कब्जा
विभाग द्वारा प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस खरीदी केंद्र का वास्तविक केंद्र प्रभारी देवेन्द्र पटेल को नियुक्त किया गया था। लेकिन निरीक्षण के दौरान वे मौके से पूरी तरह नदारद पाए गए। केंद्र पर उपस्थित कर्मचारियों से जब असली प्रभारी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी। उनकी गैर-मौजूदगी में गैर-कानूनी तरीके से संपूर्ण खरीदी का संचालन विक्रेता लखन पटेल द्वारा किया जा रहा है।
2. तौल घोटाला: किसानों की जेब पर सीधा डाका
निरीक्षण के दौरान किसानों से खरीदी जा रही मूंग की बोरियों का जब वजन जांचा गया, तो हर बोरी में तय मानक से अधिक अनाज लिया जा रहा था।
- मानक वजन के स्थान पर बोरियों का वजन 51.300 किलोग्राम से 51.550 किलोग्राम तक पाया गया।
- यानी प्रति बोरी 1.3 से 1.55 किलोग्राम अतिरिक्त मूंग लेकर किसानों को सीधा चूना लगाया जा रहा था। इस पूरी धांधली का बाकायदा वीडियो रिकॉर्ड भी बनाया गया है।
3. दंडात्मक आदेश के बाद भी तांडव... किसकी सरपरस्ती?
विक्रेता लखन पटेल का विवादों और घोटालों से पुराना नाता रहा है। पिछले वर्ष की मूंग खरीदी में भी इसकी मनमानी चरम पर थी, जिसकी खबरें मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित हुई थीं। किसान यूनियन की शिकायतों के बाद समिति प्रबंधक राहुल तिवारी ने दंडात्मक कार्रवाई करते हुए लखन पटेल को "भविष्य में किसी भी केंद्र का प्रभारी न नियुक्त करने" का स्पष्ट आदेश जारी किया था।
बड़ा सवाल: कार्रवाई के आदेश के बावजूद लखन पटेल दोबारा उसी केंद्र पर खुलेआम खरीदी कैसे कर रहा है? क्या विभाग के उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन का इसे खुला संरक्षण प्राप्त है? बिना प्रशासनिक सरपरस्ती के कोई दागी कर्मचारी आदेशों की धज्जियां कैसे उड़ा सकता है?
सहायक आयुक्त से शिकायत व यूनियन की मांग:
भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह, जिला सचिव अमिताभ कुमार तिवारी, जिला महामंत्री झल्ले सिंह रघुवंशी एवं बड़वारा तहसील अध्यक्ष ओंकार पटेल ने इस पूरे मामले की जानकारी तत्काल सहायक आयुक्त कटनी राज यश वर्धन कुरील को दी है।
किसान यूनियन ने मांग की है कि:
- पंचमुखी वेयरहाउस बसाड़ी केंद्र से विवादित विक्रेता लखन पटेल को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।
- तौल में की गई हेराफेरी की निष्पक्ष जांच कर किसानों के नुकसान की भरपाई की जाए।
- आदेश का उल्लंघन कर दागी विक्रेता को शह देने वाले जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

Comments
Post a Comment