कटनी में पुलिसिया बर्बरता: सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने पर टीआई ने निकाली खुन्नस, लॉकअप में युवक को पीटा, अमानवीय कृत्य का आरोप
खास बातें:
- माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे पर अवैध हिरासत और 'थर्ड डिग्री' देने के गंभीर आरोप।
- पीड़ित चाय विक्रेता का आरोप— लॉकअप में बेरहमी से पीटा, ऊपर पेशाब किया और एनकाउंटर की धमकी दी।
- एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने दिए जांच के आदेश; मानवाधिकार आयोग और डीजीपी तक पहुंची शिकायत।
कटनी।
मध्य प्रदेश के कटनी जिले से खाकी को शर्मसार करने वाली पुलिसिया बर्बरता और तानाशाही का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ माधवनगर थाना प्रभारी (टीआई) संजय दुबे पर एक चाय विक्रेता को गैर-कानूनी ढंग से लॉकअप में बंद रखने, बेरहमी से पीटने और लॉकअप के भीतर ही अत्यंत अमानवीय व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगे हैं। प्रताड़ित युवक ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुँचकर एसपी अभिनय विश्वकर्मा को लिखित शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
सुप्रीम कोर्ट से मिली अग्रिम जमानत बनी आफत
शिकायतकर्ता सौरभ द्विवेदी (निवासी: हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कटनी) ने बताया कि उसके विरुद्ध थाना माधवनगर में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 326 जी 3 (5) के तहत मामला दर्ज था। इस मामले में उसे माननीय सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) द्वारा अग्रिम जमानत प्रदान की गई थी। पीड़ित का आरोप है कि सर्वोच्च न्यायालय से जमानत मिलने से टीआई संजय दुबे नाराज हो गए और उन्होंने इसे अपनी निजी खुन्नस बना लिया। टीआई ने उसे कोर्ट जाने का मजा चखाने और बर्बाद करने की धमकी दी थी।
रात को घर से उठाया, 24 घंटे दी 'थर्ड डिग्री'
लिखित शिकायत के अनुसार, 23 जून 2026 की रात करीब 12:00 बजे टीआई संजय दुबे भारी पुलिस बल के साथ पीड़ित सौरभ के घर पहुँचे और उसे जबरन उठा ले गए। पीड़ित को 23 जून की पूरी रात और 24 जून का पूरा दिन अवैध रूप से लॉकअप में बंद रखा गया। इस दौरान लाठी और लात-घूसों से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसके पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
पेशाब करने और एनकाउंटर की धमकी का संगीन आरोप
पीड़ित सौरभ द्विवेदी ने पुलिस के आला अधिकारियों को सौंपे पत्र में रोंगटे खड़े कर देने वाले आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि:
"लॉकअप के अंदर थाना प्रभारी संजय दुबे ने मर्यादाओं की सारी हदें पार करते हुए मेरे ऊपर पेशाब किया, गंदी गालियां दीं। मुझे किसी झूठे केस में फंसाकर एनकाउंटर करने की धमकी भी दी गई। छोड़ने से पहले मुझसे कई कोरे कागजों पर जबरन दस्तखत कराए गए हैं।"
सौरभ द्विवेदी
न्याय न मिलने पर आत्मघाती कदम की चेतावनी
थाना प्रभारी के खौफ से डरे पीड़ित युवक ने चेतावनी दी है कि यदि उसे इस मामले में न्याय नहीं मिला, तो वह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होगा। मामले की लिखित प्रतिलिपि राष्ट्रीय व राज्य मानवाधिकार आयोग और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को भी उचित कार्रवाई हेतु भेजी गई है।
अधिकारियों का पक्ष:
"मामला संज्ञान में आया है। पीड़ित युवक ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"
— अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक (एसपी), कटनी

Comments
Post a Comment