कटनी (निवार)। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीण जनों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार रंग लाती दिख रही है। निवार रेलवे स्टेशन पर दोनों तरफ प्लेटफार्म के निर्माण सहित आधुनिक बिजली, पानी और अन्य व्यवस्थित यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर रेलवे विभाग ने हरी झंडी दे दी है।
सर्वे कार्य पूरा, टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में
ग्रामीणों द्वारा लगातार की जा रही मांग के परिणाम स्वरूप रेलवे विभाग द्वारा कुछ माह पहले एक विशेष दल भेजकर स्टेशन का विस्तृत परीक्षण कराया गया था। सर्वे के बाद विभाग ने अनुमानित लागत तैयार कर जमा कर दी है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जल्द ही निर्माण कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
फुट ओवर ब्रिज का काम गति पर, 4 से 6 माह में बदलेगी सूरत
वर्तमान में स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज (FOB) का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले 4 से 6 महीनों के भीतर ग्रामीण जनों को निवार स्टेशन का एक पूरी तरह से बदला हुआ और आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्वरूप दिखाई देने लगेगा। इससे स्थानीय यात्रियों को ट्रेन पकड़ने और स्टेशन पर समय बिताने में काफी सहूलियत होगी।
जबलपुर आवागमन के लिए ट्रेन स्टॉपेज की आस
स्टेशन के आधुनिकीकरण के साथ ही स्थानीय नागरिकों में जबलपुर आवागमन के लिए प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की उम्मीद भी जग गई है। क्षेत्रवासियों को पूरा विश्वास है कि जल्द ही इस दिशा में भी सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
शीर्ष नेतृत्व और जनप्रतिनिधियों का जताया आभार
निवार रेलवे स्टेशन की इस बड़ी सौगात के लिए समस्त ग्रामीण जनों ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की है। ग्रामीणों ने देश के केंद्रीय रेल मंत्री माननीय अश्विनी वैष्णव जी, खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा जी एवं मुड़वारा (कटनी) विधानसभा के लोकप्रिय विधायक श्री संदीप जायसवाल जी का विशेष रूप से धन्यवाद और आभार प्रकट किया है, जिनके प्रयासों से क्षेत्र को यह सौगात मिलने जा रही है

Comments
Post a Comment