Chief editor-neeraj pandey 

गर्मी में उड़ी केलवारा खुर्द की नींद, 50 घर लो-वोल्टेज से बेहाल; सो रहा कटनी बिजली विभाग

'बिल पूरा, काम अधूरा' की नीति पर चल रहा विद्युत मंडल; अधिकारियों को नहीं दिख रहा बच्चों और बीमारों का दर्द

कटनी 

एक तरफ आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है, वहीं दूसरी तरफ मध्य प्रदेश विद्युत मंडल कटनी की घोर लापरवाही ग्रामीणों के सब्र का इम्तिहान ले रही है। जनपद अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत केलवारा खुर्द के लगभग 50 परिवार पिछले 3 से 5 दिनों से भयंकर लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की दोहरी मार झेल रहे हैं। आलम यह है कि पूरी-पूरी रात लाइट नहीं टिकती, जिससे इस तपती गर्मी में ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ चुकी है।

पंचायत भवन के पास का ट्रांसफार्मर बना सिरदर्द

​ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत केलवारा खुर्द में पंचायत भवन के पास लगा विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले कई दिनों से तकनीकी खराबी के कारण दम तोड़ रहा है। इससे जुड़े करीब 50 घरों में वोल्टेज इतना डिम (कम) है कि पंखे तक नहीं चल पा रहे हैं। इस भीषण उमस और गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और खासकर बीमार व्यक्ति तड़पने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग समय पर भारी-भरकम बिल तो वसूल लेता है, लेकिन जब बारी बुनियादी सुविधा देने की आती है, तो 'बिल पूरा, काम अधूरा' की नीति अपनाकर बैठ जाता है।

जेई को सूचना, फिर भी अमला मौन

​ऐसा नहीं है कि विभाग इस गंभीर समस्या से अनजान है। ग्रामीणों द्वारा स्थानीय जूनियर इंजीनियर (जेई) मनोज तिवारी को मामले की लिखित और मौखिक सूचना समय रहते दी जा चुकी है। इसके बावजूद आज दिनांक तक बिजली विभाग द्वारा किसी भी प्रकार की कोई ठोस कार्यवाही या उपाय नहीं किया गया है। अधिकारियों की इस कुंभकर्णी नींद और उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों का बड़ा सवाल- 'यदि कुछ अनहोनी हुई, तो जिम्मेदार कौन?'

​तपती गर्मी के कारण बुजुर्गों और बच्चों की हालत लगातार बिगड़ रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सीधे तौर पर प्रशासन और बिजली कंपनी को चेतावनी देते हुए सवाल उठाया है कि— "इस जानलेवा गर्मी में यदि किसी बीमार, बुजुर्ग या बच्चे को कुछ होता है, तो इसकी जवाबदारी किसकी होगी? क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?"

​ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर और विद्युत मंडल के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि केलवारा खुर्द के इस ट्रांसफार्मर को तुरंत सुधारा जाए या नया ट्रांसफार्मर रखकर वोल्टेज की समस्या का स्थाई समाधान किया जाए, अन्यथा ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Comments

Popular posts from this blog

मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल तपस्या परिहार कटनी की नई निगमायुक्त, शिशिर गेमावत का भी तबादला, शासन ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कई IAS अधिकारियों के तबादले

जनपद पंचायत कटनी में वर्षों से जमे रोजगार सहायक, तबादलों पर प्रशासन की चुप्पी

बड़ी खबर- कटनी जिला उद्योग विभाग मे फर्जीवाड़े की खुलने लगी परते