कटनी नगर निगम की विकास नीति पर उठे सवाल, नई सड़कों के भूमिपूजन में व्यस्त प्रशासन, पुरानी सड़कें बदहाल

कटनी शहर में इन दिनों विकास के नाम पर लगातार नई सड़कों और नई नालियों के भूमिपूजन किए जा रहे हैं। वार्डों में फीते काटे जा रहे हैं, फोटो खिंचवाई जा रही हैं और जनता को बड़े-बड़े वादे दिखाए जा रहे हैं। लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि आखिर नगर निगम को शहर की पुरानी और बदहाल सड़कें क्यों नहीं दिखाई दे रहीं?

नगर निगम कटनी की कार्यप्रणाली अब लोगों के बीच सवालों के घेरे में आ चुकी है। एक ओर आगामी चुनावों को देखते हुए वार्डों में नई सड़क और नाली निर्माण के भूमिपूजन का दौर तेज़ हो गया है, वहीं दूसरी ओर शहर की पुरानी सड़कें गड्ढों में तब्दील होती जा रही हैं।

लगातार सीवर लाइन बिछाने के नाम पर सड़कों को खोदा गया, लेकिन उन्हें सही तरीके से दोबारा तैयार नहीं किया गया। परिणाम यह है कि शहर की अधिकांश सड़कें अब जर्जर हालत में पहुंच चुकी हैं। कई जगह सड़कें धंस रही हैं तो कहीं बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए खतरा बन चुके हैं।

सबसे गंभीर बात यह है कि कई स्थानों पर सीवर लाइन के ढक्कन सड़क से ऊपर उठे हुए हैं। ये उभरे हुए ढक्कन कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। दोपहिया वाहन चालक आए दिन असंतुलित हो रहे हैं, लेकिन नगर निगम प्रशासन इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं दिखाई दे रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर लाइन डालने का काम तो किया गया, लेकिन आज तक अधिकांश घरों में उसका सही कनेक्शन तक नहीं दिया गया। यानी करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जनता को सुविधा नहीं मिल पाई, उल्टा सड़कें खराब होकर जनता की परेशानी बढ़ा रही हैं।

सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि पुरानी सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरवाने का काम नहीं किया जाएगा, तो आखिर नई सड़कों के भूमिपूजन का क्या मतलब रह जाता है? क्या विकास केवल शिलान्यास और फोटो तक सीमित होकर रह गया है?

अब देखना यह होगा कि नगर निगम प्रशासन जनता की सुरक्षा और मूलभूत समस्याओं पर ध्यान देता है या फिर केवल चुनावी भूमिपूजन और प्रचार तक ही सीमित रहता है।

Comments

Popular posts from this blog

जनपद पंचायत कटनी में वर्षों से जमे रोजगार सहायक, तबादलों पर प्रशासन की चुप्पी

मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल तपस्या परिहार कटनी की नई निगमायुक्त, शिशिर गेमावत का भी तबादला, शासन ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कई IAS अधिकारियों के तबादले

बड़ी खबर- कटनी जिला उद्योग विभाग मे फर्जीवाड़े की खुलने लगी परते