CM मोहन यादव पहुंचे चित्रकूट, मंदाकिनी तट पर किया दीपदान, पूर्व MLA के आवास पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
CM मोहन यादव पहुंचे चित्रकूट, मंदाकिनी तट पर किया दीपदान, पूर्व MLA के आवास पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
सतना: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट पहुंचे। दीपावली मेले के अवसर पर उन्होंने आरोग्य धाम स्थित मां मंदाकिनी के पंचवटी घाट पर विधि-विधान से दीपदान किया और प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने संतों और प्रबुद्धजनों से चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि चित्रकूट का विकास उसकी ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को सुरक्षित रखते हुए किया जाएगा।
अप्रैल तक पूरे होंगे 2800 करोड़ के कार्य
आरोग्यम में आयोजित एक बैठक में मुख्यमंत्री ने संतों और स्थानीय प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि चित्रकूट के विकास के लिए 2800 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिन्हें अगले साल अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने विकास की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए कहा, 'चित्रकूट में बड़े निर्माण कार्यों की आवश्यकता नहीं है। हमारा मुख्य ध्यान मां मंदाकिनी को स्वच्छ और सदानीरा बनाए रखने, भगवान कामतानाथ के सुगमता से दर्शन सुनिश्चित करने और भक्तों को सरलता से भोजन-प्रसाद उपलब्ध कराने पर रहेगा।' सीएम ने चित्रकूट को धार्मिक और ग्रामीण पर्यटन का एक बड़ा केंद्र बनाने की बात कही।जनभागीदारी की सराहना
मुख्यमंत्री ने इस बात की विशेष सराहना की कि विकास कार्यों के लिए 163 स्थानों पर लोगों ने स्वेच्छा से अपने भवन तोड़कर जमीन उपलब्ध कराई है, जो जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. को निर्देश दिए कि वे संतों, प्रबुद्धजनों और आम जनता से चित्रकूट के विकास के लिए सुझाव प्राप्त करें और उसके अनुरूप ही अंतिम कार्य योजना तैयार की जाए।एमपी और यूपी सरकार मिलकर कर रही है कार्य
पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सनातन संस्कृति समृद्ध हो रही है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश की सरकारें मिलकर चित्रकूट के आध्यात्मिक, पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विकास के लिए अनेक कार्य कर रही हैं, जिससे आगामी समय में चित्रकूट का वैभव और गौरव और भी बढ़ेगा।सतना पहुंचकर पूर्व विधायक को दी श्रद्धांजलि
अपने चित्रकूट प्रवास के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सतना पहुंचे। यहां उन्होंने टाउन हाल में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पहुंचकर पूर्व विधायक स्वर्गीय शंकरलाल तिवारी के निधन पर शोक श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने स्व. श्री तिवारी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।स्व. तिवारी बहुत ही कर्मठ जनप्रतिनिधि थे- सीएम
इसके बाद डॉ. यादव स्व. श्री तिवारी के पैतृक आवास भी गए और उनके परिजनों से भेंट कर सांत्वना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने स्व. तिवारी को याद करते हुए कहा, 'स्व. तिवारी बहुत ही कर्मठ और जनता के कल्याण के लिए सदैव संघर्ष करने वाले जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने सदैव गरीबों की आवाज बुलंद की। उनका देहवासान एक अपूरणीय क्षति है।' इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह और विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।👉विश्वसनीय खबरों के लिए बने रहे जनता की आवाज न्यूज़ चैनल के साथ चीफ एडिटर पंडित नीरज पांडे के साथ ब्यूरो चीफ शिवम त्रिपाठी की खास रिपोर्ट
👉अपनी खास खबर एवं विज्ञापन छपवाने हेतु संपर्क करे
👉संपर्क सूत्र=9752047043, 9926659923
Comments
Post a Comment