Chief editor-neeraj pandey
मध्यप्रदेश के कटनी ज़िले में इन दिनों लाइसेंसी भांग दुकान और अवैध बिक्री को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जब सरकार द्वारा विधिवत लाइसेंस जारी किया गया है, तो फिर शहर में अवैध रूप से भांग और मुनक्का की बिक्री क्यों हो रही है? इस पूरे मामले में लाइसेंसी संचालक ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कटनी ज़िले में सरकारी लाइसेंस प्राप्त भांग दुकान संचालक विजय मिश्रा ने कोतवाली थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। विजय मिश्रा का कहना है कि जब शासन द्वारा उनके नाम से भांग दुकान एलॉट की गई है, तो शहर में खुलेआम अवैध रूप से भांग और मुनक्का बेचने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
कोतवाली में की शिकायत
उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ असामाजिक तत्व बिना किसी वैध अनुमति के भांग और मुनक्का बेच रहे हैं, जिससे न सिर्फ शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि लाइसेंसी दुकान संचालकों को भी आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है।
बताया जा रहा है कि शिकायत दर्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध रूप से भांग और मुनक्का बेचते हुए गिरफ्तार भी किया है। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विजय मिश्रा का कहना है
“सरकार ने जब मुझे विधिवत लाइसेंस दिया है, तो प्रशासन का दायित्व बनता है कि अवैध बिक्री पर सख्ती से रोक लगाए। अवैध कारोबारियों के कारण हमें भारी नुकसान हो रहा है।”
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में आगे कितनी सख्ती दिखाता है और क्या अवैध रूप से चल रहे इस कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लग पाता है या नहीं। फिलहाल, कटनी में लाइसेंसी और अवैध कारोबार के बीच यह विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है।


Comments
Post a Comment